गोरखपुर में CM योगी ने सुनीं फरियादें, अफसरों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता: गोरखपुर में CM योगी ने सुनीं फरियादें, अफसरों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। CM ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में इलाज, जमीन-विवाद, पुलिस, राजस्व, पेंशन, आवास, राशन कार्ड से जुड़ी सैकड़ों शिकायतें पहुंचीं। CM ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर पात्र व्यक्ति के साथ खड़ी है। किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। हर शिकायत का गुणवत्ता के साथ समय से निस्तारण हो। लापरवाही या हीलाहवाली किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीड़ित को बार-बार चक्कर न लगाना पड़े, यह सुनिश्चित करें। CM ने दो घंटे से अधिक समय तक जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मंदिर प्रबंधन, प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। CM ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर प्रार्थना पत्र का फॉलोअप कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए।


Post Comment